chief-minister-hemant-soren-listening-peoples

श्राद्धकर्म के बीच जनसमस्याएं सुन रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, अधिकारियों को समाधान का निर्देश

Share
Link copied
chief-minister-hemant-soren-listening-peoples
chief-minister-hemant-soren-listening-peoples

रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी माता स्व. रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के बीच भी जनसेवा से जुड़े कार्यों में जुटे हैं। अपने पैतृक गांव नेमरा में मुख्यमंत्री श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और आमजनों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। मंगलवार को भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नेमरा पहुंचे और मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याएं रखीं।

Advertisment
Advertisment

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन का श्राद्धकर्म नेमरा में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जा रहा है। पारिवारिक अनुष्ठानों के साथ मुख्यमंत्री जनहित से जुड़े मामलों का भी निष्पादन कर रहे हैं। लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन भी सौंपे। मुख्यमंत्री ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

Advertisment
Advertisment

जनसुनवाई के दौरान गिरिडीह जिले के केश्वरी गांव निवासी माधो पासवान अपनी दृष्टिबाधित पुत्री कालो कुमारी के साथ पहुंचे। उन्होंने अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। वहीं, रांची जिले के सिल्ली प्रखंड के हाकेदाग निवासी विश्राम बेदिया ने अपनी बीमार पत्नी एतवारी देवी के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया।

Advertisment
Advertisment

रामगढ़ जिले के हेठबरगा निवासी राज बेदिया ने रोजगार उपलब्ध कराने और दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की मांग रखी। वहीं, सांकि गांव के एक युवक ने अपने भाई अनु कुमार बेदिया की मृत्यु के बाद मुआवजा दिलाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने इन मामलों सहित अन्य लोगों की समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

Advertisment
Advertisment

स्व. रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए नेमरा में लगातार लोगों का पहुंचना जारी है। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। गांव में शोक और संवेदना का माहौल है। मुख्यमंत्री सभी आगंतुकों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर रहे हैं।

Advertisment
Advertisment

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अपने पैतृक आवास पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर स्व. रूपी सोरेन के दशकर्म और संस्कार भोज की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, वाहनों की पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जाए, ताकि आगंतुकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Advertisment
Advertisment

बैठक में मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के गोला चौक पर छोटे गोलंबर की तर्ज पर सर्किल बनाने का निर्देश भी दिया। इससे चारों ओर से आने वाले वाहनों को आवागमन में सुविधा होगी, यातायात व्यवस्था सुचारु रहेगी और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।