साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, 10 आरोपी गिरफ्तार; 7.98 लाख रुपये नकद बरामद

रांची: रांची पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 लाख 98 हजार 100 रुपये नकद, 36 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 32 एटीएम कार्ड समेत साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को 13 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना और पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ के आसपास स्थित पराशर अपार्टमेंट और जतरा मैदान के निकट मालती अपार्टमेंट के किराये के फ्लैटों में रहकर कुछ लोग संगठित तरीके से साइबर ठगी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली के सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों पर छापेमारी की और आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 7,98,100 रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के 36 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, अलग-अलग बैंकों के 32 एटीएम कार्ड, पांच पासबुक और एक चेकबुक बरामद की है। इसके अलावा पांच आधार कार्ड, 12 सिम कार्ड, एक माइक्रो एसडी कार्ड, तीन ड्राइविंग लाइसेंस, एक एनपीएस प्रान कार्ड और आठ पैन कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

छापेमारी में नाम, मोबाइल नंबर और कथित हिसाब-किताब दर्ज 25 नोटबुक के साथ एयरटेल पेमेंट बैंक के दो स्मार्ट स्पीकर/रिसीवर उपकरण और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। बरामद सामान की प्रकृति के आधार पर पुलिस गिरोह की गतिविधियों की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक कुमार सिंह, अजीत कुमार मेहता उर्फ अजित कुमार कुशवाहा, सूरज कुमार सिंह, अमनदीप कुमार, सूरजदेव कुमार, अमित रंजन, अविनाश कुमार, राजकमल वर्मा, रंजीत कुमार और सत्यम कुमार वर्मा के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपी पलामू जिले के तरहसी और लेस्लीगंज थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी गढ़वा जिले का निवासी बताया गया है। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 252/26, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों के फोन पर लोन या नौकरी का प्रलोभन मिलने पर सतर्क रहें। किसी के साथ ओटीपी, एटीएम की जानकारी, बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या [राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल](https://www.cybercrime.gov.in/) पर शिकायत दर्ज कराएं।

छापेमारी दल में कोतवाली के सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय के अलावा सुखदेवनगर थाना, कोतवाली थाना और पंडरा ओपी के पुलिस पदाधिकारी तथा महिला एवं पुरुष सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे। कार्रवाई दो टीमों में की गई।

इंस्पायर अवॉर्ड में झारखंड का परचम, रामगढ़ के पूरव जैन को मिला रजत पदक
नई दिल्ली: राष्ट्रीय इंस्पायर अवॉर्ड मानक की 12वीं राष्ट्र स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में झारखंड ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।…

दुर्गापूजा में सादे लिबास में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी, महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
हजारीबाग में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, असामाजिक तत्वों पर होगी निरोधात्मक कार्रवाई; सितंबर में 625 कांडों का निष्पादन हजारीबाग। दुर्गापूजा और…
















