झारखंड में अर्नब का असर तेज, छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट; रांची समेत कई जिलों में बारिश

रांची: चक्रवाती तूफान अर्नब का असर झारखंड में दिखने लगा है। बुधवार से राज्य के कई हिस्सों में आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। गुरुवार को भी राजधानी रांची समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, गुरुवार को तूफान का प्रभाव राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची, खूंटी, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में येलो अलर्ट है।
लगातार बादल छाने और बारिश होने से राज्य के कई शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। रांची में अधिकतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया है। जमशेदपुर और मेदिनीनगर में 4.4 डिग्री, चाईबासा में 3.8 डिग्री और बोकारो में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के कारण मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में एक और मौसमी सिस्टम विकसित हो रहा है। इसके प्रभाव से 30 अक्टूबर को झारखंड के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना है। 31 अक्टूबर को भी बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। एक नवंबर से चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव कमजोर पड़ने के साथ बादल छंटने की संभावना है। हालांकि, राज्य में मौसम पूरी तरह साफ होने के लिए तीन नवंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है।

कोलेबिरा में नाबालिग से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार
सिमडेगा: जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त मोहन…

कैंसर की दवाओं की कीमतों में कटौती से कितनी राहत? कीट्रूडा समेत कई महंगी दवाओं के दाम जस के तस
कैंसर के इलाज का खर्च कम करने की दिशा में सरकार के कदम से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन…

















