भूषण बाड़ा प्रकरण : अपहरण के आरोपों पर दिलीप तिर्की ने तोड़ी चुप्पी, वीडियो जारी कर पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
बोले- दो महीने से सिमडेगा से बाहर था, मोबाइल लोकेशन और डिजिटल साक्ष्यों की हो जांच; विधायक पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
पत्रकार अभिषेक भारती से संपर्क कर नाबालिग की आपबीती साझा करने का किया दावा
ऑडियो क्लिप होने की बात कही, परिवार और नाबालिग भतीजे को परेशान करने का लगाया आरोप
खुद और पीड़िता की जान को खतरा बताते हुए न्यायालय से लगाई न्याय की गुहार
रांची/सिमडेगा। विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग के कथित यौन शोषण मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। इस प्रकरण में अपहरण के आरोपी बनाए गए दिलीप तिर्की ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने खुद पर लगे अपहरण के आरोपों को निराधार बताते हुए पुलिस की कार्रवाई, मामले की जांच और पूरे घटनाक्रम को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। दिलीप तिर्की ने दावा किया है कि वह पिछले दो महीने से सिमडेगा से बाहर थे। ऐसे में उनके द्वारा सिमडेगा के पाकीरनाट थाना क्षेत्र से नाबालिग का अपहरण किए जाने का आरोप तथ्यात्मक रूप से गलत है।
दो महीने से सिमडेगा से बाहर रहने का दावा
दिलीप तिर्की के अनुसार, एक अन्य मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने और वारंट जारी होने के बाद से वह सिमडेगा क्षेत्र से बाहर रह रहे थे। उन्होंने पुलिस से अपने मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नाबालिग उस दौरान रांची में अपनी दीदी और जीजा के साथ रह रही थी। ऐसे में अपहरण के आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने स्नैपचैट वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी जांच में शामिल करने की मांग की है।
नाबालिग की आपबीती सुनने के बाद पत्रकार से किया संपर्क
वीडियो बयान में दिलीप तिर्की ने दावा किया कि कुछ दिन पहले उनकी मुलाकात नाबालिग से हुई थी। बातचीत के दौरान बच्ची ने रोते हुए अपने साथ कथित शारीरिक शोषण और अभद्र व्यवहार की जानकारी दी। उन्होंने इसके लिए विधायक भूषण बाड़ा और उनके परिवार के कुछ लोगों पर आरोप लगाए हैं। दिलीप का कहना है कि कानूनी परिस्थितियों के कारण वह खुद खुलकर सामने नहीं आ पा रहे थे। इसलिए उन्होंने पत्रकार अभिषेक भारती से संपर्क किया और मामले की जानकारी साझा की। इसके बाद अभिषेक भारती ने नाबालिग का इंटरव्यू लिया और प्रकरण को सार्वजनिक किया।
ऑडियो क्लिप होने का भी किया दावा
दिलीप तिर्की ने अपने बयान में एक कथित ऑडियो क्लिप का भी उल्लेख किया है। उनका दावा है कि इस ऑडियो में नाबालिग अपने दादाजी से फोन पर बातचीत के दौरान रोते हुए अपनी परेशानी और प्रताड़ना की बात बता रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब मामले से जुड़े कुछ लोग घटनाक्रम को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, इस कथित ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि और उसकी प्रामाणिकता की जांच होना बाकी है।
पुलिस कार्रवाई और सीडब्ल्यूसी की भूमिका पर सवाल
दिलीप तिर्की ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि उनके परिवार के सदस्यों और एक नाबालिग भतीजे को रातभर थाने में बैठाकर परेशान किया गया। उन्होंने बाल कल्याण समिति (Child Welfare Committee-CWC) की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए नाबालिग को विधायक के आवास पर ले जाया गया था। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जांच और संबंधित अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है।
जान का खतरा होने की जताई आशंका
वीडियो के अंत में दिलीप तिर्की ने खुद और नाबालिग की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रभाव और रसूख के कारण उनकी जान को खतरा हो सकता है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके मुताबिक यह मामला किसी राजनीतिक दल या व्यक्तिगत प्रतिशोध का नहीं, बल्कि एक नाबालिग को न्याय दिलाने का है। उन्होंने सिमडेगा पुलिस की बजाय न्यायालय और देश की न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताया।
अब जांच के निष्कर्ष पर टिकी नजरें
इस पूरे प्रकरण में एक ओर नाबालिग से जुड़े गंभीर आरोप हैं, तो दूसरी ओर अपहरण और अन्य मामलों में आरोपित लोगों की ओर से पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में मोबाइल लोकेशन, डिजिटल साक्ष्य, कथित ऑडियो क्लिप और संबंधित लोगों के बयानों की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल दिलीप तिर्की के वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

झारखंड कैबिनेट के बड़े फैसले: सरकारी कर्मचारियों का DA 63% हुआ, चार जिलों में सड़क निर्माण को मंजूरी; NHM का कार्यकाल भी बढ़ा
झारखंड कैबिनेट के बड़े फैसले: सरकारी कर्मचारियों का DA बढ़ा , चार जिलों में सड़क निर्माण को मंजूरी; NHM का कार्यकाल भी…
रांची की 305 पंचायतों में पौधारोपण, 1,000 गरीब परिवारों को आजीविका से जोड़ने की पहल; बिजली शिकायतों के लिए 26 नवंबर तक लगेंगे शिविर
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े में विकास और जनकल्याण की गतिविधियां तेज, 425 बकरियों का टीकाकरण, महिलाओं के समूह को मिला 32 लाख…

विधायक भूषण बाड़ा पर पूर्व CWC अध्यक्ष अभिषेक जोरिहार के गंभीर आरोप, नाबालिग के रेस्क्यू से लेकर प्रशासनिक दबाव तक बताई पूरी कहानी
सिमडेगा/रांची: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग बच्ची के मामले में अब जिला बाल कल्याण समिति (Child Welfare Committee-CWC)…

निशा कुमारी भगत मौत मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, नामजद आरोपियों के ठिकानों पर देर रात तक चली छापेमारी
रांची: आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की संदिग्ध मौत के मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो…


















