legal-awareness-campaign-will-continue-60

खरवागढ़ा गांव में 60 दिनों तक चलेगा विधिक जागरूकता अभियान, पीडीजे ने रथ को दिखाई हरी झंडी

Share
Link copied
legal-awareness-campaign-will-continue-60
legal-awareness-campaign-will-continue-60

सिमडेगा: समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से सोमवार को मेगा विधिक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजीव कुमार सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर गरजा पंचायत के खरवागढ़ा गांव को इस अभियान के लिए चयनित किया गया है। यहां 23 नवंबर 2026 से 24 जनवरी 2027 तक लगातार 60 दिनों तक विशेष विधिक जागरूकता एवं कानूनी सहायता अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर पीडीजे राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि न्याय तक पहुंच हर व्यक्ति का अधिकार है। आर्थिक या सामाजिक कमजोरी के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। कमजोर और जरूरतमंद लोगों को कानूनी जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराना विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

अभियान के तहत ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी परामर्श, नालसा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की विभिन्न योजनाओं, पीड़ित सहायता और विवादों के मैत्रीपूर्ण समाधान की जानकारी दी जाएगी। जागरूकता रथ के माध्यम से ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ जरूरतमंद लोगों को विधिक सेवाओं से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम में एडीजे नरंजन सिंह, प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम, एसडीजेएम सुम्मी बीना होरो, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष रमेश कुमार श्रीवास्तव, न्यायिक दंडाधिकारी सुभाष बाड़ा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामप्रीत प्रसाद, सचिव प्रद्युमन सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।