परिसीमन ( Delimitation) बिल पर मिथिलेश ठाकुर का केंद्र पर हमला, बोले- आदिवासी सीटें घटीं तो JMM करेगी विरोध
‘केंद्र सरकार खुला सांड हो गई है’, मिथिलेश ठाकुर का तीखा हमला
- परिसीमन बिल की मौजूदा समय में जरूरत पर उठाए सवाल।
- कहा- झारखंड में आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या घटी तो JMM करेगी विरोध।
- आदिवासी और मूलवासी समुदाय का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखने की मांग।
- विपक्ष बिल के संभावित नफा-नुकसान का कर रहा आकलन।
- केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का लगाया आरोप।
गढ़वा। परिसीमन (Delimitation) बिल को लेकर झारखंड में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सह पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने परिसीमन बिल की मौजूदा समय में जरूरत पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन का विरोध नहीं कर रही है, लेकिन इसके नाम पर यदि झारखंड में आदिवासी समुदाय के लिए आरक्षित लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या घटती है, तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान मिथिलेश ठाकुर ने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए उसे ‘खुला सांड’ करार दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह मनमानी पर उतर आई है और जो चाहती है, वही कर रही है। सरकार नहीं चाहती कि दबे-कुचले और वंचित समाज के लोग अपनी आवाज उठाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है।
आदिवासी और मूलवासी हितों पर जताई चिंता
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन आदिवासी और मूलवासी समुदायों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के उद्देश्य से हुआ है। राज्य के आदिवासी समुदाय के लोगों को विधानसभा और लोकसभा में अपनी बात रखने का पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद यदि आदिवासी समुदाय के लिए आरक्षित सीटों की संख्या और उनका प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहता है, तो पार्टी को इस प्रक्रिया से कोई परेशानी नहीं है। लेकिन यदि इसके पीछे केंद्र सरकार की कोई गलत मंशा या राजनीतिक साजिश है और इससे आदिवासी समुदाय का प्रतिनिधित्व प्रभावित होता है, तो झामुमो इसका विरोध करेगा।
पहले नफा-नुकसान का आकलन करेगा विपक्ष
पूर्व मंत्री ने कहा कि परिसीमन को लेकर विपक्षी दल भी अपने-अपने स्तर पर इसके संभावित नफा-नुकसान का आकलन कर रहे हैं। यदि इस प्रक्रिया से किसी तरह का नुकसान नहीं होता है, तो बिल को लेकर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लेकिन यदि इसके प्रावधानों में झारखंड और आदिवासी समाज के हितों के खिलाफ कोई साजिश नजर आती है, तो पार्टी इस पर गंभीरता से विचार करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि परिसीमन एक संवैधानिक प्रक्रिया है और समय-समय पर होती रहती है। सवाल प्रक्रिया का विरोध करने का नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने का है कि इसके जरिए किसी राज्य या समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को नुकसान न पहुंचे।

हेमंत सोरेन के राजनीतिक सफर पर लिखी गईं दो पुस्तकें मुख्यमंत्री को की गईं भेंट
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पत्रकार एवं लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और प्रकाशक…

लोकसभा की सीटें 50% बढ़ाने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी, झारखंड में 14 से बढ़कर 21 हो सकती हैं सीटें; 30 नवंबर से संसद में होगी बड़ी चर्चा
देश की संसदीय राजनीति में एक बड़े बदलाव की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को…

















