bjps-seva-doot-campaign-will-run

झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों पर 1 से 25 दिसंबर तक चलेगा भाजपा का सेवा दूत अभियान

Share
Link copied
bjps-seva-doot-campaign-will-run
bjps-seva-doot-campaign-will-run

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा 1 से 25 दिसंबर तक झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवा दूत अभियान’ चलाएगी। इस अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता 25 दिनों तक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर जनसंपर्क, जनसेवा और संगठन विस्तार का काम करेंगे।

अभियान की तैयारी को लेकर रविवार को रांची के धुर्वा स्थित मयूरवन बैंक्वेट हॉल में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद मनोज तिग्गा तथा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा और जिम्मेदारियों की जानकारी दी।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि सेवा दूतों को सेवा भाव और परिवार भाव के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाना है। जनता के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं जनकल्याण के संदेशों को घर-घर तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान कार्यकर्ता लोगों की समस्याओं को समझें और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार उनके समाधान का प्रयास करें।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की टोली तैयार करनी है। प्रवास के दौरान जनता की समस्याओं और राज्य सरकार के प्रति उनकी नाराजगी को गंभीरता से समझना होगा। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटानी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2029 में झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प के साथ काम करने का आह्वान किया।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद मनोज तिग्गा ने कहा कि यह अभियान जनसेवा के संकल्प और संगठन की सक्रियता को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने 28 पन्नों की प्रस्तुति के जरिए अभियान की गतिविधियों, सेवा दूतों की भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। अभियान के तहत जनसुनवाई, नशामुक्त भारत शिविर, लाभार्थी संवाद, सामुदायिक संपर्क, सेवा शिविर और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए सरल ऐप का भी उपयोग किया जाएगा।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय ने कहा कि प्रवास संगठन का प्राण तत्व और प्राण वायु है। कार्यकर्ताओं को गांव और समाज के बीच रहकर लोगों के जीवन, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना होगा। पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से संगठन से जोड़ने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित करना अभियान की प्राथमिकता होगी।

प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने बताया कि अभियान में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समन्वयक नियुक्त किया जाएगा, जबकि मंडल अध्यक्ष सह समन्वयक के रूप में काम करेंगे। अभियान के दौरान सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों की समस्याओं, संगठन की स्थिति और बूथों की सक्रियता का आकलन किया जाएगा। स्वच्छ भारत अभियान के तहत भी सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सेवा दूतों की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यशाला के दौरान रामगढ़ में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले 13 लोगों और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की दिवंगत मां को श्रद्धांजलि दी गई। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अमर कुमार बाउरी ने किया। कार्यशाला में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, गीता कोड़ा, नीलकंठ सिंह मुंडा, मुनेश्वर साहू, प्रतुल शाहदेव सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और सभी विधानसभा क्षेत्रों के समन्वयक मौजूद रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।