महिला आरक्षण लागू करने के लिए केंद्र की तैयारी, लोकसभा की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव; 30 नवंबर को संसद में पेश होंगे तीन विधेयक

नई दिल्ली: महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार एक बार फिर बड़ी पहल करने जा रही है। 30 नवंबर 2026 से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में सरकार इससे जुड़े तीन नए विधेयक पेश करेगी। प्रस्तावित कानूनों का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के साथ जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाना है। सरकार का लक्ष्य इस व्यवस्था को 2029 के लोकसभा चुनाव से प्रभावी बनाना है।
केंद्रीय कैबिनेट ने 27 नवंबर को इन विधेयकों को मंजूरी दी थी। लोकसभा की आधिकारिक कार्यसूची में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 और केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) द्वितीय विधेयक, 2026 पेश करने का कार्यक्रम शामिल है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इससे सदन की संभावित सदस्य संख्या 816 हो सकती है। वहीं, संविधान संशोधन विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में भी 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
नए प्रस्ताव में परिसीमन के बाद तैयार होने वाले निर्वाचन क्षेत्रों के नक्शे को 25 वर्षों तक स्थिर रखने की व्यवस्था है। इसके तहत अगली परिसीमन प्रक्रिया 2051 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने के आधार पर की जा सकेगी। निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए विधेयक में लागू होने के समय उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों का प्रावधान किया गया है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और संबंधित केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित की जाएंगी। आरक्षित सीटों का आवंटन परिसीमन आयोग की प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। आरक्षित सीटों को 15 वर्षों के बाद रोटेशन के आधार पर बदलने का भी प्रावधान है।
गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित संविधान (131वां संशोधन) विधेयक संसद में पेश किया था। हालांकि, लोकसभा में आवश्यक विशेष बहुमत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका था। अब सरकार संशोधित प्रावधानों के साथ नए विधेयक पेश करने जा रही है।
फिलहाल ये सभी प्रस्ताव संसद की मंजूरी के इंतजार में हैं। संविधान संशोधन विधेयक को दोनों सदनों में विशेष बहुमत से पारित कराना होगा। इसके बाद ही प्रस्तावित बदलावों को लागू करने का रास्ता साफ होगा।

झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों पर 1 से 25 दिसंबर तक चलेगा भाजपा का सेवा दूत अभियान
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा 1…

रांची में हर माह 15 और 25 तारीख को होगा धोती-साड़ी का वितरण, उपायुक्त ने दिए निर्देश
रांची: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में रविवार को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों एवं आपूर्ति विभाग के पदाधिकारियों…
















