सिठियो रिंग रोड पर 407 ट्रक में लगी भीषण आग, फ्रिज से लदा वाहन धू-धूकर जला

रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड के सिठियो पुल के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 407 मालवाहक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक में फ्रिज लदे हुए थे। आग लगने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते रहे, जबकि घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दी गई।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग के कारण कुछ समय के लिए रिंग रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

















