रांची के रातू इलाके में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच जबरदस्त मुठभेड़, दो अपराधी घायल और गिरफ्तार

झारखंड की राजधानी रांची के रातू इलाके में शुक्रवार रात को पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस एनकाउंटर में पुलिस की सतर्कता ने राहुल दुबे गिरोह के दो कुख्यात अपराधियों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य अपराधियों को खदेड़कर धर दबोचा गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस के द्वारा सर्च अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। मौके से 8 बेहतरीन पिस्टल, दर्जनों कारतूस बरामद किए गए हैं। पूरे मामले में अभी भी तफ्तीश जारी है। मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है ताकि हथियारों की विधिवत जब्ती की जा सके।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर रांची पुलिस की एक विशेष टीम रातू इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने अपराधियों को घेर लिया। अपराधियों ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस गोलीबारी में राहुल दुबे गैंग के दो मुख्य अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

यह मुठभेड़ झारखंड में गैंगवार की बढ़ती घटनाओं के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गत कुछ महीनों में राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के खिलाफ लातेहार, रामगढ़, हजारीबाग और पतरातू जैसे इलाकों में कई कार्रवाइयां हो चुकी हैं, जिसमें हथियारों के साथ गिरफ्तारियां शामिल हैं।


















