गुडाबांदा के विभिन्न गांवों में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में आदित्य साहू ने किया जनसंपर्क, कहा- राज्य में 6 वर्षों से ठप विकास पड़ा
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने आज गुडाबांदा प्रखंड के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने घर-घर जाकर भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के पक्ष में समर्थन और आशीर्वाद मांगा।
जनसंपर्क के दौरान आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में “हेमंत सरकार धोखेबाज साबित हुई है। यह सरकार झूठ की नींव पर टिकी है, जो चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे करती है और सत्ता में आने के बाद चुप्पी साध लेती है।”
सांसद साहू ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में राज्य में एक भी ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे सभी क्षेत्र ठप पड़े हैं। जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। राज्य की जनता भगवान भरोसे छोड़ दी गई है।”
उन्होंने आगे कहा कि सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार, अपराध और दलाली फल-फूल रही है। अधिकारी और बिचौलिये जनता के अधिकारों की लूट में लगे हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है।
साहू ने कहा कि गांव-गांव में सरकार के प्रति गुस्सा है और जनता इस बार झूठ व भ्रष्टाचार की राजनीति को सबक सिखाने के मूड में है। उन्होंने विश्वास जताया कि घाटशिला की जनता भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को विजयी बनाएगी।
इस अवसर पर रामकुमार पाहन, मेनका सरदार, अभय सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



















