20251231 155251

कांग्रेस को गांव, गरीब और किसान विरोधी बताते हुए आदित्य साहू ने जी राम जी योजना का किया बचाव

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी पर जी राम जी योजना (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन – ग्रामीण) के संबंध में दुष्प्रचार करने का कड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस को गांव, गरीब और किसान विरोधी पार्टी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस को भ्रष्टाचार रुकने से परेशानी हो रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रेस वार्ता में आदित्य साहू ने कहा कि मनरेगा में भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े की पराकाष्ठा हो चुकी थी। झारखंड में तो इसकी लूट में मिसाल कायम की गई। खूंटी जिले में करोड़ों के गबन उजागर होने पर एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को जेल जाना पड़ा। राज्य के लगभग सभी जिलों में मनरेगा घोटाले सामने आए। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 193.67 करोड़ रुपये के गबन दर्ज किए गए। इसी तरह कई राज्यों में कागजों पर कार्य दिखाए गए जो जमीन पर अस्तित्वहीन थे। श्रम आधारित कार्यों में मशीनों का बड़े पैमाने पर उपयोग हुआ और कोविड के बाद केवल 7.61% परिवारों ने 100 दिन का रोजगार पूरा किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए जी राम जी योजना लाई गई है। यह मनरेगा का विकसित और बड़ा मॉडल है, जिसमें 100 की जगह 125 दिन रोजगार की गारंटी दी गई है। योजना में चार मुख्य श्रेणियां निर्धारित की गई हैं – जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचा (सड़कें आदि), रोजगार सृजन वाले निर्माण (भंडारण आदि) और पर्यावरण संकट से निपटने वाले कार्य (मिट्टी कटाव रोकना, बाढ़ बचाव आदि)।

योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एआई आधारित धोखाधड़ी पहचान, जीपीएस-मोबाइल निगरानी, साप्ताहिक सार्वजनिक प्रकटीकरण और पंचायत स्तर पर साल में दो बार सोशल ऑडिट का प्रावधान है। किसानों और मजदूरों दोनों का ध्यान रखते हुए कृषि सीजन में 60 दिन की ‘नो वर्क’ अवधि रखी गई है, ताकि मजदूरों को ज्यादा मजदूरी मिले और किसानों को समय पर श्रमिक। काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता का प्रावधान भी है। फंडिंग अनुपात केंद्र-राज्य 60:40 रहेगा।

आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस को अधिक रोजगार, बेरोजगारी भत्ता और योजना में ‘राम’ शब्द से परेशानी है। कांग्रेस भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति में डूबी है तथा राम से नफरत करती है। जनता कांग्रेस के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देगी।

उन्होंने घोषणा की कि भाजपा कार्यकर्ता आगामी 8 से 10 जनवरी तक सभी मंडलों में सभा और गोष्ठी आयोजित कर जी राम जी योजना की विशेषताओं को जनता तक पहुंचाएंगे और कांग्रेस के दुष्प्रचार का पर्दाफाश करेंगे। प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा और रमाकांत महतो उपस्थित थे।

Share via
Send this to a friend