ईद मिलाद-दुन-नबी और रिसालदार बाबा उर्स को लेकर प्रशासन अलर्ट, उर्स कमिटी ने की आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग

रांची: ईद मिलाद-दुन-नबी एवं रिसालदार बाबा के सालाना उर्स के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन को लेकर उर्स कमिटी एवं शांति समिति के सदस्यों ने मंगलवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। इस दौरान उर्स कमिटी की ओर से उपायुक्त एवं प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। बैठक में कमिटी के सदस्यों ने आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि पर्व और आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। ईद मिलाद-दुन-नबी के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, 27 से 31 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले रिसालदार बाबा के सालाना उर्स को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, आपातकालीन सेवाएं, यातायात प्रबंधन, वीआईपी सुरक्षा सहित अन्य तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि उर्स के व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा। साथ ही उर्स कमिटी एवं शांति समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। मुलाकात के दौरान उर्स कमिटी के सदर अयूब गद्दी, महासचिव जावेद अनवर, संयुक्त सचिव जुल्फिकार अली भुट्टो एवं सादिक इस्लाम, सदस्य आसिफ नईम तथा शांति समिति के जयसिंह यादव एवं सागर कुमार उपस्थित थे।

















