रक्षाबंधन पर किशोरों को मिला बहन का स्नेह, उपायुक्त कंचन सिंह ने बांधी राखी

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सिमडेगा में भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता और संवेदना का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। अधिसूचित सुरक्षा स्थल में आवासित किशोरों के बीच उपायुक्त कंचन सिंह ने बहन की भूमिका निभाते हुए रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। उन्होंने किशोरों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर स्नेह व अपनत्व का एहसास कराया।

इस दौरान उपायुक्त ने किशोरों को रक्षाबंधन के महत्व से अवगत कराते हुए देश और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने तथा जीवन में सही राह पर चलने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के कारण भटक चुके किशोरों को सही मार्गदर्शन और अवसर देकर उनके जीवन को नई दिशा दी जा सकती है। उनके सुधार और बेहतर भविष्य के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

किशोरों को भविष्य में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने उन्हें रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने की पहल की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किशोरों के लिए सिलाई प्रशिक्षण की व्यवस्था करने और प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने तैयार किए गए सिलाई उत्पादों की बिक्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उससे प्राप्त आय को संबंधित किशोरों के बैंक खातों में जमा कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान से बाहर निकलने के बाद किशोरों के पास कोई हुनर और आय का साधन होना चाहिए, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें। रक्षाबंधन पर उपायुक्त कंचन सिंह की यह पहल किशोरों के लिए महज राखी बांधने तक सीमित नहीं रही, बल्कि स्नेह, विश्वास, मार्गदर्शन और आत्मनिर्भरता की नई राह दिखाने वाला संदेश बन गई।

















