पुरुषों और राजनीतिक नेतृत्व से महिलाओं को अपेक्षित सहयोग नहीं : अनुपमा प्रसाद
रांची में अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के स्थापना दिवस पर मेगा हेल्थ कैंप लगा। सचिव अनुपमा प्रसाद ने कहा- राजनीति और पुरुषों से महिलाओं को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा।

अखिल भारतीय महिला सम्मेलन के स्थापना दिवस पर रांची में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन; 300 से अधिक लोगों ने कराई जांच।
रांची, 3 मई:
देश की ‘स्वर कोकिला’ और स्वतंत्रता सेनानी सरोजिनी नायडू द्वारा स्थापित अखिल भारतीय महिला सम्मेलन (AIWC) के स्थापना दिवस के अवसर पर आज राजधानी रांची में सामाजिक सेवा और जागरूकता का संगम देखने को मिला। इस उपलक्ष्य में बरियातू शाखा की ओर से रांची प्रेस क्लब में एक मेगा आई चेकअप और हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के 300 से अधिक जरूरतमंदों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विशेषज्ञों ने दी नि:शुल्क सेवाएं
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सम्मेलन की सचिव अनुपमा प्रसाद ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पा पांडेय और श्रेष्ठ नेत्र चिकित्सालय के डॉक्टरों की टीम ने लोगों की निशुल्क जांच की। शिविर में न केवल आंखों की जांच हुई, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
राजनीति और समाज में महिलाओं की उपेक्षा पर उठाए सवाल
कैंप के साथ-साथ ‘महिलाओं की सशक्त होती भूमिका’ विषय पर एक सेमिनार का भी आयोजन किया गया। इस दौरान सचिव अनुपमा प्रसाद ने वर्तमान सामाजिक ढांचे पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा:
”आज महिलाएं अपनी मेहनत और काबिलियत से हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन यह कड़वा सच है कि उन्हें पुरुषों और राजनीतिक नेतृत्व से वह सहयोग नहीं मिल रहा जिसकी वे हकदार हैं। जिस दिन पुरुषों की सोच बदलेगी और राजनीतिक मंचों पर महिलाओं को अपेक्षित साथ मिलेगा, उस दिन देश का आर्थिक और सामाजिक विकास सरोजिनी नायडू के सपनों के अनुरूप होगा।”
वहीँ, सम्मेलन की अध्यक्ष मीना सिंह ने प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्रों में महिलाओं के लिए मौजूद कानूनी अड़चनों को दूर करने की मांग की।
इनकी रही सक्रिय भागीदारी
स्थापना दिवस समारोह और स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में इंदिरा शुक्ला, सतनाम सलूजा, सुषमा शुक्ला, कुमकुम गौड़, राका ठाकुर, नैना तनेजा, मोना गुप्ता, नूतन मिश्रा, एकता राय, सुचन्द्रा पांडा, सुचित्रा अग्रवाल, हरबीर कौर, किरण सिंह, रूपम सिन्हा, अनुपमा सिंह, पुष्पा सिंह और रागिनी लक्ष्मण सहित कई पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
















