छात्रों पर एकतरफा कार्रवाई के विरोध में सदर सीओ कार्यालय पहुंचे बाबूलाल मरांडी

रांची: JPSC और JSSC-CGL परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मंगलवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रांची सदर अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अधिकारी सरकार की कठपुतली बनने के बजाय कानून और विधि सम्मत तरीके से काम करें। उन्होंने आरोप लगाया कि पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान छात्रों पर कार्रवाई की गई, जबकि कार्यक्रम में व्यवधान डालने और छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कई वीडियो और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। इसके आधार पर निष्पक्ष जांच करते हुए सभी दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। मरांडी ने आरोप लगाया कि कार्रवाई एकतरफा होने से ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के कार्यक्रम में कथित रूप से गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई, तो वे संबंधित मजिस्ट्रेट के कार्यालय के समक्ष धरना देंगे। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, वरुण साहू समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















