राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद मां दिउड़ी के दरबार में पहुंचे बैद्यनाथ राम, राज्य की शांति के लिए की प्रार्थना

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने अपनी जीत के बाद ईश्वर का आशीर्वाद लिया। सोमवार को वे अपने परिजनों के साथ रांची जिले के तमाड़ स्थित ऐतिहासिक मां सोलहभुजी दिउड़ी मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की।
जनता के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प
मंदिर में पूजा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बैद्यनाथ राम ने अपनी आस्था को साझा किया। उन्होंने कहा, “दिउड़ी मंदिर हमारी अटूट आस्था का प्रतीक है। राज्यसभा सदस्य के रूप में मिली इस नई जिम्मेदारी के बाद, मां का आशीर्वाद लेना मेरे लिए अत्यंत आवश्यक था। मेरी यही प्रार्थना है कि मां मुझे जनता की सेवा करने का सामर्थ्य दे।”
सांसद ने आगे कहा कि पार्टी नेतृत्व और झारखंड की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उसका पूरा मान रखेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि झारखंड से जुड़े विकास और जनहित के अहम मुद्दों को वे पूरी शिद्दत के साथ राज्यसभा के पटल पर रखेंगे।
स्थानीय विधायक और समर्थकों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा विशेष रूप से उनके साथ मौजूद रहे। मंदिर परिसर में झामुमो के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा, जिन्होंने सांसद को उनकी नई पारी के लिए बधाई दी।
Also Read :
पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर
















