BSL's three-storey residential block collapses in Bokaro.

बोकारो में भरभराकर गिरा BSL का तीन मंजिला आवासीय ब्लॉक, बाल-बाल बचे लोग

Share
Link copied

बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के आवासीय क्वार्टरों में लगातार सामने आ रही जर्जर स्थिति के बीच शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। बोकारो के सेक्टर-12 ई में क्वार्टर संख्या 1290 से 1296 तक वाले ब्लॉक के करीब छह आवास अचानक भरभराकर गिर गए और देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है कि जिस वक्त आवासीय ब्लॉक धराशायी हुआ, उस दौरान ऊपरी मंजिलों में भी कुछ लोग मौजूद थे। भवन गिरने के बाद वे अंदर फंस गए। हालांकि, तत्काल प्रयास कर सभी लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

Baba new 1
Advertisement

घटना के बाद लोगों में आक्रोश

आवासीय ब्लॉक के अचानक गिरने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में BSL प्रबंधन के खिलाफ काफी नाराजगी देखने को मिली। मौके पर पहुंचे नगर सेवा विभाग के एक अधिकारी को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि भवन इतना जर्जर था तो इसे समय रहते जर्जर घोषित क्यों नहीं किया गया? साथ ही, यहां रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट क्यों नहीं किया गया?

स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित क्वार्टरों की वर्ष 2024 में BSL प्रबंधन की ओर से मरम्मत भी कराई गई थी। इसके बावजूद कुछ ही समय बाद आवासीय ब्लॉक का इस तरह धराशायी हो जाना मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल खड़े करता है।

RKDF
advertisement

लगातार हो रहे हादसों से उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि बोकारो स्टील प्लांट के सेक्टर-12 और सेक्टर-8 समेत कई इलाकों में BSL के पुराने आवासीय क्वार्टर लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं। इन भवनों में रहने वाले परिवारों को हर समय हादसे का डर बना रहता है। लोगों का आरोप है कि पहले भी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन ने उनसे पर्याप्त सबक नहीं लिया।

लोगों का आरोप है कि जर्जर आवासों की मरम्मत के नाम पर कई बार केवल खानापूर्ति की जाती है। उनका कहना है कि जब तक पुराने और खतरनाक भवनों का तकनीकी सर्वे कराकर उन्हें सुरक्षित नहीं किया जाता तथा जरूरत पड़ने पर परिवारों को दूसरे आवासों में स्थानांतरित नहीं किया जाता, तब तक इस तरह के हादसों का खतरा बना रहेगा।

Kashmir vastaralay
Advertisment

फिलहाल इस घटना के बाद एक बार फिर BSL के आवासीय क्षेत्रों में रह रहे लोगों की सुरक्षा और जर्जर भवनों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि प्रबंधन पूरे क्षेत्र के पुराने क्वार्टरों का तत्काल सर्वे कराकर खतरनाक भवनों को चिन्हित करे और वहां रहने वाले परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।