रंगदारी और मारपीट के आरोपी ‘चाई’ गिरफ्तार, दो धारदार ब्लेड बरामद

रांची: राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में दुकानदारों से रंगदारी मांगने और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने कुख्यात आरोपी मो. साजिद उर्फ चाई (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, रतन पीपी एवं चर्च कॉम्प्लेक्स के आसपास आरोपी द्वारा दुकानदारों के साथ गाली-गलौज और रंगदारी मांगने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में स्थानीय दुकानदारों ने डायल-112 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी।
इसी क्रम में एनामुल हक उर्फ मुन्ना की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मो. साजिद उर्फ चाई ने उनके साथ मारपीट कर घायल किया और रंगदारी की मांग की। इसके आधार पर लोअर बाजार थाना कांड संख्या 45/2026 दिनांक 28 जून 2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो धारदार चाकू जैसे ब्लेड बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। वह रांची जिले में करीब 40 आपराधिक मामलों में अभियुक्त रह चुका है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
















