चेन छिनतई गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी के वाहन और 19 ग्राम सोना बरामद

रांची : राजधानी रांची में महिलाओं से सोने की चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नामकुम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर चोरी के दो वाहन और करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया गया। मामले में एक ज्वेलर्स संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि चोरी के दोपहिया वाहन पर सवार अपराधी नामकुम की ओर जा रहे हैं। इसके बाद नामकुम थाना प्रभारी के नेतृत्व में रेलवे फ्लाईओवर के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक युवक काले रंग की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान बीआईटी सिरतनगर निवासी 30 वर्षीय सद्दाम अंसारी के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है और इसका इस्तेमाल रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं से चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने में किया जाता था। जांच के दौरान वाहन का चेसिस नंबर भी मिटाया हुआ पाया गया।
सद्दाम अंसारी ने पुलिस को बताया कि उसने मार्च 2026 में नामकुम स्टेशन के पास, अप्रैल में कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे में, जून में बरियातु थाना क्षेत्र के हरीहर सिंह रोड स्थित मंदिर के पास तथा लालपुर थाना क्षेत्र में महेंद्र प्रसाद महिला इंटर कॉलेज के समीप महिलाओं से सोने की चेन छीनी थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि इन घटनाओं को उसने अपने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर अंजाम दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी की एक टीवीएस स्कूटी (JH03AN-4087) भी बरामद की। वहीं, आरोपी ने खुलासा किया कि छीने गए सोने के आभूषण बीआईटी मेसरा चौक स्थित वर्मा ज्वेलर्स के संचालक रमेश प्रसाद स्वर्णकार को कम कीमत पर बेच दिए जाते थे। इसके एवज में उसे करीब चार लाख रुपये मिले थे।
पुलिस ने रमेश प्रसाद स्वर्णकार को भी गिरफ्तार कर उसके प्रतिष्ठान से करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह चोरी के वाहनों का इस्तेमाल कर चेन छिनतई की वारदातों को अंजाम देता था और लूटे गए आभूषणों को ज्वेलरी दुकानों के माध्यम से खपाया जाता था। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
















