चतरा: सदर अंचल में ACB की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
गोविन्द पाठक
चतरा: भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को चतरा सदर अंचल में बड़ी कार्रवाई की। ACB की टीम ने म्यूटेशन कराने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने इस संबंध में एसीबी से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी कर्मचारी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।
योजना के तहत मंगलवार को एसीबी की टीम चतरा सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन पहुंची। शिकायतकर्ता के माध्यम से जैसे ही 10 हजार रुपये की रिश्वत आरोपी कर्मचारी को दी गई, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए सतीश प्रसाद को रकम के साथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी राजस्व कर्मचारी को अपने साथ ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है। टीम ने कार्यालय से संबंधित दस्तावेज और राजस्व अभिलेखों की भी जांच की है।
एसीबी की कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। टीम इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी कर्मचारी के खिलाफ पहले भी रिश्वत मांगने या राजस्व संबंधी कार्यों में अनियमितता की कोई शिकायत सामने आई थी या नहीं।

बताया जा रहा है कि म्यूटेशन के काम के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और इसके बाद कार्रवाई की। फिलहाल आरोपी कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

















