Dhanbad News:-खोई बच्ची को पाकर पिता के चेहरे पे लौटी मुस्कान

Dhanbad News:-खोई बच्ची को पाकर पिता के चेहरे पे लौटी मुस्कान

Share
Link copied

Dhanbad News

Drishti  Now  Ranchi

अपनी तीन साल की बिटिया को 21 दिनों से ढूंढ़ रहे पिता को जब वह दूसरे की गोद में दिखी तो वह चीख पड़े। उसे शोर मचाता देख वह शख्स भागने लगा पर भीड़ ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। पकड़े गए शख्स का नाम किशन चौहान है जो कतरास के तेतुलिया नई क्वार्टर का रहने वाला है। उसे जीआरपी के हवाले कर दिया गया है। वाकया चंद्रपुरा स्टेशन का है।

 

जानें पूरा मामला :

धनबाद रेलवे स्टेशन के हनुमान मंदिर के पास मनिहारी दुकान चलाने वाले कन्हैया रविदास अपने परिवार के साथ हिल कालोनी में रहता था। रेलवे के अतिक्रमण अभियान की जद में उसका घर आ गया। इस वजह से धनबाद स्टेशन परिसर के मंदिर के पास उसकी पत्नी व बच्चे रह रहे थे। इस बीच एक फरवरी की रात मोहन यादव नामक व्यक्ति पहुंचा और 40 हजार रुपये लेकर बच्ची देने की बात कही। उसका कहना था कि रहने का ठिकाना नहीं है तो बच्ची को कैसे रखोगे। दूसरे दिन सुबह बच्ची गायब थी। मां की नींद खुली तो देखा कि बच्ची नहीं है। इसे लेकर पहले सदर थाना और बाद में रेल थाने में शिकायत दर्ज कराने गये। मामले को लेकर कई दिनों तक फेकाफेकी के बाद पांच फरवरी को धनबाद रेल थाने में शिकायत दर्ज हुई।

 

हालांकि उसके बाद भी बच्ची के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। रेल पुलिस शिकायत दर्ज करने के बाद भी हाथ पर हाथ धरे ही बैठी थी पर बच्ची के पिता ने उसकी तलाश जारी रखा था। जहां कहीं खबर मिलती वहीं अपनी लाडली को ढूंढ़ने चले जाते। मंगलवार को बच्ची की तलाश में चंद्रपुरा पहुंचे थे। स्टेशन के प्लेटफार्म पर किशन चौहान की गोद में अपनी बच्ची की देख उसने शोर मचाया। किशन के पास दो बच्चियां थी। शोर सुन कर वह भागने लगा। उसे भागते लोग भीड़ ने खदेड़ कर पकड़ लिया।चंद्रपुरा जीआरपी बच्ची के साथ पकड़े गए किशन से पूछताछ कर उसे धनबाद भेजने की तैयारी कर रही है। कई दिनों से अपनों से दूर रहने से बच्ची काफी सहमी हुई है। इस बारे में धनबाद रेल थाना प्रभारी अमरजीत प्रसाद ने कहा कि बच्ची व पकड़े गए शख्स के धनबाद आने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी दे सकेंगे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow