पुलिसकर्मी से ‘गेट आउट’ कहने पर विवाद, CJP संस्थापक अभिजीत दीपके के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी

महाराष्ट्र: नेताओं और प्रभावशाली लोगों का पुलिसकर्मियों के साथ विवाद कोई नई बात नहीं है। महाराष्ट्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर ड्यूटी में तैनात एक पुलिस अधिकारी से कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस संगठनों में नाराजगी बढ़ गई है।

वायरल वीडियो में दीपके अपने घर पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक उपनिरीक्षक से तीखे अंदाज में बात करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह पुलिस अधिकारी से सवाल करते हैं कि जब वह खुद लोगों को अपने घर बुला रहे हैं तो पुलिस उन्हें अंदर आने से क्यों रोक रही है। इसी दौरान दीपके कथित तौर पर अधिकारी को वहां से चले जाने और ‘गेट आउट’ कहने की बात कहते नजर आते हैं।
मामला सामने आने के बाद पुलिस बॉयज एसोसिएशन ने दीपके के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। संगठन की विदर्भ अध्यक्ष आरती जंगले ने कहा है कि ड्यूटी पर तैनात वर्दीधारी पुलिसकर्मी के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। संगठन ने गृह विभाग से दीपके को उपलब्ध कराई गई पुलिस सुरक्षा वापस लेने की मांग की है।
एसोसिएशन ने यह भी मांग की है कि दीपके संबंधित पुलिस अधिकारी के साथ हुए व्यवहार को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने जल्द माफी नहीं मांगी तो महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

दीपके ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद अभिजीत दीपके ने भी पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है। हालांकि, उनका आरोप है कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी उनके घर आने वाले लोगों को रोकते हैं और उनकी गतिविधियों पर जरूरत से ज्यादा निगरानी रखते हैं।
दीपके ने यह भी दावा किया है कि सादे कपड़ों में कुछ CID कर्मी उनके घर के आसपास नजर आते हैं और उनकी निजी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी एक सोशल मीडिया ग्रुप में साझा की जाती है। उनका कहना है कि इसी वजह से उन्होंने सुरक्षा में तैनात अधिकारी को अपने घर से हटाने के लिए कहा था। फिलहाल वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों के बीच विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस संगठन की चेतावनी के बाद आने वाले दिनों में यह मामला और गरमाने की संभावना है।

















