मुंबई एयरपोर्ट पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, 11.25 करोड़ की कोकीन जब्त; 4 विदेशी नागरिक गिरफ्तार

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले चार दिनों में 2.25 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। अधिकारियों के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर दो अलग-अलग ऑपरेशन चलाए गए। शुक्रवार को अदीस अबाबा से मुंबई पहुंचे एक पुरुष और एक महिला यात्री को एयरपोर्ट पर रोका गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कोकीन से भरे कैप्सूल निगल रखे हैं।
इसके बाद दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उनके शरीर से 84 कैप्सूल बरामद किए गए। जांच में इन कैप्सूल से कुल 1.40 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई।
इससे पहले मंगलवार को डीआरआई ने अदीस अबाबा से आए एक अफ्रीकी पुरुष और महिला यात्री को भी हिरासत में लिया था। जांच के दौरान दोनों के शरीर से 63 कैप्सूल बरामद किए गए, जिनमें 850 ग्राम कोकीन छिपाकर लाई गई थी। अधिकारियों के मुताबिक इस खेप की कीमत करीब 4.25 करोड़ रुपये थी।
दोनों मामलों को मिलाकर डीआरआई ने कुल 2.25 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। एजेंसी ने चारों विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ा मामला हो सकता है।

















