नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान: पीएम मोदी ने युवाओं से किया संवाद, नशामुक्त भारत का दिलाया संकल्प

जमशेदपुर: “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत जमशेदपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें MY Bharat के स्वयंसेवकों, एनएसएस, युवा क्लबों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री Narendra Modi ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी युवाओं ने नशामुक्त भारत की शपथ ली और समाज से नशे की बुराई को समाप्त करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के बाद युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि वे प्रधानमंत्री के नशामुक्त भारत के संदेश को अपने जीवन में अपनाएंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। युवाओं ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से नशामुक्त भारत का लक्ष्य अवश्य हासिल किया जा सकेगा।


















