श्रावणी मेला: उपायुक्त ने अहले सुबह किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलार्पण पर दिया जोर

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के चौथे दिन रविवार तड़के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर और मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु कतार व्यवस्था और निर्बाध जलार्पण सुनिश्चित करना था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उपायुक्त ने बाबा मंदिर प्रांगण, क्यू कॉम्प्लेक्स, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक, नेहरू पार्क और बीएड कॉलेज रूट का जायजा लेकर अधिकारियों को कांवरियों की कतार व्यवस्था लगातार सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मंदिर स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के जरिए मेला क्षेत्र की लाइव मॉनिटरिंग की और भीड़ बढ़ने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सुविधाओं, जीवन रक्षक दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर और आपातकालीन उपकरणों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सूचना सह सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस ओपी और अमानत घर (क्लॉक रूम) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से आगामी सोमवारी को देखते हुए मातृत्व विश्राम गृह में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा अमानत घरों में श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को हर समय सतर्क रहने, सीसीटीवी निगरानी बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही मेला ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मियों से सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं की सहायता करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
















