चाईबासा में नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, दो चालक गिरफ्तार
चाईबासा। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार रात चाईबासा जिला मुख्यालय स्थित सरायकेला मोड़ के समीप जिला परिवहन विभाग और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए दो चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को जब्त कर लिया गया।
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच में दो चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। दोनों वाहनों को जब्त कर मुफस्सिल थाना ले जाया गया।

हेलमेट, सीट बेल्ट और दस्तावेजों की भी जांच
अभियान के दौरान टीम ने दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के सीट बेल्ट की भी जांच की। इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।

नशे में ड्राइविंग से बचने की अपील
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शराब या किसी भी तरह के नशे की हालत में वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ चालक और सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है।
उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पत्नी के बेंगलुरु चले जाने के बाद परेशान था युवक, फांसी लगाकर दी जान
जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र की गुड़िया बस्ती में 26 वर्षीय युवक ने घर में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।…

दुर्गा पूजा से पहले शराब माफिया पर शिकंजा, 200 लीटर चुलाई शराब और 12 हजार किलो जावा महुआ बरामद
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध शराब के…

















