चाकुलिया में हाथियों का कहर: सब्जी विक्रेता पर किया जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल
पूर्वी सिंहभूम: चाकुलिया वन क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर रात हाथियों के एक झुंड ने बड़ामारा गांव के समीप एक बाइक सवार सब्जी विक्रेता पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
बहरागोड़ा प्रखंड के धाधिका गांव निवासी 45 वर्षीय नीलकंठ नायक सोमवार रात चाकुलिया के जोड़ाम हाट से सब्जी बेचकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चाकुलिया-केरूकोचा मुख्य सड़क पर बड़ामारा गांव के पास उनका सामना सात हाथियों के झुंड से हो गया। अचानक सामने हाथियों को देख उन्होंने बाइक छोड़ दी और अपनी जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की। इस दौरान एक हाथी ने उनका पीछा किया और उन्हें खेत में घेरकर हमला कर दिया। घायल के अनुसार, एक हाथी ने उनके सीने पर पैर तक रख दिया था।
विधायक ने दिखाई तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक समीर मोहंती तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अपनी गाड़ी में घायल को बिठाकर चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें झाड़ग्राम रेफर कर दिया।
ग्रामीणों में दहशत
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में 7 हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है, जो आए दिन मुख्य सड़कों पर आ जाता है। इससे रात के समय आवागमन करने वाले लोगों की जान जोखिम में रहती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों को सुरक्षा प्रदान करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।
हाथियों द्वारा लगातार खेत-घरों को नुकसान पहुंचाने और अब लोगों पर हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर का माहौल व्याप्त है। लोगों ने शासन-प्रशासन से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की पुरजोर मांग की है।
















