कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में लगी आग, मची अफरा-तफरी

कोडरमा: कोडरमा जंक्शन पर गुरुवार को कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन की अंतिम बोगी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही रेल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए अंतिम कोच को ट्रेन से अलग कर दिया। इसके बाद आरपीएफ कर्मियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 53373 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर खड़ी थी और दोपहर 3:15 बजे रवाना होने वाली थी। इसी दौरान यात्रियों ने ट्रेन की अंतिम बोगी से धुआं निकलता देखा और इसकी सूचना रेल कर्मियों को दी।

बताया गया कि जिस बोगी में आग लगी थी, वह दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित थी। घटना के समय इस बोगी में कोई यात्री सवार नहीं था। ट्रेन की अन्य बोगियों में यात्री अपनी सीटों पर बैठे हुए थे। रेल कर्मियों ने शुरुआत में सात फायर स्टिंगर और रेल परिसर में लगे नल से पाइप के जरिए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ कर्मी मौके पर मौजूद रहे। वहीं, स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि ट्रेन के खुलने से कुछ देर पहले अंतिम बोगी से धुआं निकलने की जानकारी यात्रियों ने दी थी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पाया गया।

ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि बैठने के दौरान उन्हें अचानक कुछ जलने की गंध महसूस हुई। बाहर निकलकर देखने पर उनके पीछे वाली बोगी में आग लगी हुई थी और उससे काफी धुआं निकल रहा था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

मवेशियों से लदी बोलेरो पलटी, दो लोगों की मौत; तीन बैलों ने भी तोड़ा दम
जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के करमाटांड़-मदनकट्टा मुख्य मार्ग पर शकलपुर-शहरजोरी के पास बुधवार देर रात मवेशियों से लदी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर…

लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और अपराध नियंत्रण पर एसपी का जोर
सिमडेगा: जिले में अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को लेकर गुरुवार को पुलिस समीक्षा बैठक आयोजित…
















