रांची में बंद घर का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी, आरोपी गिरफ्तार

रांची: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी मंदिर स्थित बानो मंजिल रोड में बंद घर का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के सामान की चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय आरिफ अंसारी उर्फ सूरज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के सभी सामान बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार, मकान मालकिन शकीला खातून अपने घर में ताला लगाकर करीब एक महीने के लिए अपने पैतृक गांव महुआ, बिहार गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने घर का ताला टूटा हुआ पाया और अंदर रखे कीमती सामान गायब मिले। इसके बाद उन्होंने सुखदेवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने 9 अक्टूबर 2026 को कांड संख्या 338/26 दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरिफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने चोरी के सामान में दो गैस सिलेंडर, एक अमरॉन बैटरी, माइक्रोटेक का इन्वर्टर, दो कैसियो घड़ियां, आभूषण, एक एचपी लैपटॉप, परफ्यूम, कपड़े और कई घरेलू बर्तन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।

सिमडेगा में 16 अक्टूबर से सजेगा हॉकी का महाकुंभ, जुटेंगे अंतरराष्ट्रीय और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी
सिमडेगा: हॉकी की नर्सरी के रूप में मशहूर सिमडेगा में 16 से 20 अक्टूबर तक स्व. पीटर बाड़ा मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का…

गणपति बड़ाइक को कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य, व्यवसाय के जरिए रोजगार सृजन और समाजसेवा के लिए मिला सम्मान
सिमडेगा: पूर्व महालेखाकार, कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी बेंजामिन लकड़ा की पहली पुण्यतिथि पर उनके नाम से स्थापित फाउंडेशन की ओर से समाज…
















