गोड्डा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, पांच अभियुक्त गिरफ्तार, 36 से अधिक चोरी के कांडों का उद्भेदन

गोड्डा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, पांच अभियुक्त गिरफ्तार, 36 से अधिक चोरी के कांडों का उद्भेदन

Share
Link copied

गोड्डा : गोड्डा जिले में चार पहिया वाहनों की चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। इस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मानवीय सूचना, और कोडरमा पुलिस व तकनीकी शाखा के सहयोग से अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

एसआईटी ने झारखंड, बिहार, और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की गई पांच गाड़ियां और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। साथ ही, 36 से अधिक वाहन चोरी के मामलों का उद्भेदन किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और चोरी की अन्य गाड़ियों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने बयान में खुलासा किया कि वे चोरी किए गए वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर को बदलकर जाली कागजात और आरसी तैयार करते थे। इसके बाद इन वाहनों को ग्राहकों को बेच दिया जाता था। यह गिरोह झारखंड, बिहार, और अन्य राज्यों में सक्रिय था।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow