if-dead-ground-not-cleaned-corporation

मुर्दा मैदान की सफाई नहीं हुई तो निगम कार्यालय के बगल में गिराएंगे कचरा: सरयू राय

Share
Link copied
if-dead-ground-not-cleaned-corporation
if-dead-ground-not-cleaned-corporation

जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपर नगर आयुक्त को सात दिनों की मोहलत दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान से कचरा नहीं हटाया गया और सफाई के बाद निकले कचरे को डालने के लिए निगम ने जगह नहीं बताई, तो स्थानीय लोग खुद सफाई करेंगे और वहां से निकला कचरा मानगो नगर निगम कार्यालय के बगल में डाल दिया जाएगा।

Advertisment
Advertisment

सरयू राय ने अपर नगर आयुक्त को भेजे पत्र में कहा है कि एक अक्टूबर को स्थानीय लोगों के बुलावे पर वह बागानशाही स्थित मुर्दा मैदान पहुंचे थे। लोगों ने वहां लंबे समय से जमा कचरे और उससे उठ रही दुर्गंध की शिकायत की। मौके पर उन्होंने भी स्थिति का जायजा लिया और लोगों की शिकायत को सही पाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मानगो नगर निगम क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जा रहा है, तो मुर्दा मैदान में जमा कचरे का ढेर क्यों नहीं हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुर्दा मैदान पर मालिकाना हक रखने वाले आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधि सोनाराम मांझी समेत अन्य लोगों ने भी स्पष्ट किया है कि सफाई कराने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उनकी शर्त केवल इतनी है कि सफाई के नाम पर वहां अतिक्रमण नहीं होना चाहिए।

Advertisment
Advertisment

सरयू राय ने बताया कि उनकी पहल पर झारखंड सरकार के कल्याण विभाग ने मुर्दा मैदान की घेराबंदी कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मानगो के अंचल अधिकारी की ओर से भी प्रतिवेदन विभाग को भेजा जा चुका है। उनका कहना है कि घेराबंदी होने के बाद मैदान सुरक्षित रहेगा और अतिक्रमण की आशंका भी खत्म हो जाएगी। स्थानीय लोगों ने नगर निगम को मुर्दा मैदान की सफाई के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। उनका कहना है कि निगम सफाई नहीं करता है तो वे खुद सफाई करेंगे। इसी को लेकर सरयू राय ने निगम से पूछा है कि सफाई के बाद निकलने वाले कचरे को कहां डाला जाए।

Advertisment
Advertisment

सरयू राय ने मानगो के वसुंधरा एस्टेट के सामने स्वर्णरेखा परियोजना की जमीन पर कचरा डंप किए जाने को लेकर भी नगर निगम को घेरा। उन्होंने कहा कि इस जमीन का इस्तेमाल अंतरराज्यीय बस अड्डा बनाने के लिए किया जाना है, इसके बावजूद यहां कचरा डंप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कचरे और उससे उठने वाली दुर्गंध से वसुंधरा एस्टेट के साथ आसपास के लोग भी परेशान हैं। स्वर्णरेखा परियोजना के कार्यालय और वहां स्थित मंदिर परिसर तक इसका असर पहुंच रहा है।

RKDF
advertisement

सरयू राय ने कहा कि नगर निगम को कचरा प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक व्यवस्था अपनानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि मैदान के एनएच-33 की ओर चारों तरफ से बंद शेड बनाया जाए। छत वाले इस शेड में कचरा डालने के बाद कॉम्पैक्टर मशीन से उसे दबाकर छोटा किया जाए और फिर निर्धारित डंपिंग स्थल तक भेजा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दिशा में अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। सरयू राय ने चेतावनी दी कि खुले में कचरा डंप करने की व्यवस्था को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस व्यवस्था में सुधार के लिए उन्होंने नगर निगम को दो सप्ताह का समय दिया है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।