बरही में अवैध हथियार तस्करी का खुलासा, देशी रिवॉल्वर व कारतूस के साथ एक गिरफ्तार

हजारीबाग: बरही पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ कारतूस बरामद किया गया है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बरही के एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान मो. आमिर सोहैल उर्फ राजा बाबू को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी बताए हैं। इनमें सकलैन रजा उर्फ सकलेन कुरैशी, इबरार, बाबर और मुनाजिर हुसैन उर्फ बबलू शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह रामगढ़ जिले के भुरकुंडा से अवैध हथियार खरीदकर हजारीबाग और आसपास के इलाकों में अधिक कीमत पर बेचने का काम करता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से सफेद रंग की अपाचे बाइक (JH-02 AM-5798) और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मोबाइल की तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे गिरोह के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
















