रामगढ़ में अवैध डोडा तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, 480 किलो डोडा बरामद
रामगढ़ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध डोडा तस्करी के मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक ब्लू रंग के टाटा इन्ट्रा पिकअप (रजि. नं. JH10CW-7235) से 480.27 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा जब्त किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भा.पु.से.) को 28 जुलाई 2025 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के बोरोबिंग चेकनाका के पास वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक ब्लू रंग का पिकअप तेजी से भागने की कोशिश करता दिखा, जिसे पीछा कर पकड़ा गया।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने पूछताछ में अपनी पहचान संदीप रजक (28 वर्ष, तिसरी, गिरिडीह) और संतोष राम (22 वर्ष, गाँवा, गिरिडीह) के रूप में बताई। संदीप ने खुद को चालक और संतोष ने उपचालक बताया। वाहन की तलाशी में तिरपाल से ढके डाले में 18 प्लास्टिक के बोरों में 480.27 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। इसके अलावा, दो एंड्रॉयड फोन भी जब्त किए गए।
आरोपियों के खिलाफ रजरप्पा थाना में कांड संख्या 138/2025, धारा 15(C)/25 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। आरोपियों के पास से टाटा इन्ट्रा पिकअप, 480.27 किलोग्राम डोडा और दो एंड्रॉयड फोन बरामद किए गए हैं।

















