रांची में हैवानियत! महिला के चेहरे पर कालिख पोतकर मुहल्ले में घुमाया, चप्पलों की माला पहनाई; दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा
रांची : रांची के सदर थाना क्षेत्र (भाभानगर इलाका) में एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है। एक महिला को घर से जबरन खींचकर मारपीट की गई, उसके और एक अन्य महिला के चेहरे पर कालिख पोती गई, चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे मोहल्ले में घुमाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।
पीड़िता खूंटी जिले की रहने वाली है और रांची में किराए के मकान में रहती है। उसने 29 मार्च 2026 को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला के अनुसार, पंकज कुमार सिंह उर्फ पंकज उसी दिन उसके घर पहुंचा, गाली-गलौज की और उसे जबरन बाहर खींच लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, कपड़े फाड़े, गलत नीयत से पकड़ने की कोशिश की और उसके बेटे व परिचितों पर वाहन चोरी का आरोप लगाकर हिंसक व्यवहार किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के बाद मुख्य आरोपी पंकज कुमार सिंह उर्फ पंकज और सनताना कुमारी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोग महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


















