स्वास्थ्य सेवा में बड़ी उपलब्धि: खूंटी के बिरसा हॉस्पिटल में अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट का भव्य उद्घाटन
खूंटी : बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ एंड रिसर्च के अंतर्गत संचालित बिरसा हॉस्पिटल ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अस्पताल परिसर में एक अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन किया गया, जिससे क्षेत्र के मरीजों को अब जीवन रक्षक उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
उद्घाटन समारोह में रही दिग्गजों की उपस्थिति
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनिल पालटा (DGP, रेलवे, झारखंड पुलिस) जय प्रकाश चहल (MD & CEO, UTISL) और प्रकाश पियूष (मीडिया सेल, DIPAM, वित्त मंत्रालय) ने शिरकत की। चिकित्सा जगत के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ डॉ. शीतल मलुआ और डॉ. अजय नेहरू की मौजूद थे।
मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
बिरसा हॉस्पिटल के चेयरमैन अशोक कुमार भगत ने कहा, “हमारी प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक किफायती और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाना है। इस डायलिसिस यूनिट के शुरू होने से न केवल मरीजों का समय और पैसा बचेगा, बल्कि उन्हें अब इलाज के लिए घंटों यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान बिरसा नर्सिंग संस्थान के छात्र-छात्राओं ने अपनी जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय लोक नृत्य और गीतों के माध्यम से उन्होंने न केवल कार्यक्रम को यादगार बनाया, बल्कि झारखंड की समृद्ध संस्कृति का सुंदर प्रदर्शन भी किया।
भविष्य की योजनाएं
अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में बिरसा हॉस्पिटल में और भी आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ सेवाओं को शामिल करने की योजना है, ताकि खूंटी और आसपास के जिलों के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा सके।

















