असम बाढ़ पीड़ितों के लिए झारखंड का बड़ा सहयोग, हेमंत सोरेन ने राहत कोष में दिए 3 करोड़ रुपये
रांची: असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए झारखंड सरकार ने मानवीय पहल करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष, असम में 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा शर्मा को पत्र लिखकर झारखंड की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि असम इस समय विनाशकारी बाढ़ की चपेट में है, जिससे बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है और हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में पूरे देश का दायित्व है कि वह असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा रहे।

हेमंत सोरेन ने लिखा कि झारखंड सरकार और राज्य की जनता बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है। इसी भावना के तहत राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष, असम में 3 करोड़ रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने झारखंड के सक्षम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार असम के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय मानवता और सामाजिक एकजुटता सबसे बड़ी ताकत होती है।

पत्र में हेमंत सोरेन ने असम के लोगों के साहस और धैर्य की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे इस कठिन दौर से जल्द उबरेंगे। उन्होंने मां कामाख्या से राज्य में शीघ्र सामान्य स्थिति बहाल होने की प्रार्थना भी की।

मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि यदि भविष्य में अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता होगी, तो झारखंड सरकार हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार रहेगी।

वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा शर्मा ने झारखंड सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए इस सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।






















