सिंगापुर के साथ सहयोग बढ़ाएगा झारखंड, निवेश और कौशल विकास पर बनी सहमति

रांची: झारखंड सरकार और सिंगापुर के बीच निवेश, उद्योग और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री ने भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग वी कुएन (Simon Wong Wie Kuen) के साथ हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि सिंगापुर की कंपनियों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही झारखंड का दौरा करेगा। इस दौरान राज्य के विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में निवेश और सहयोग की संभावनाओं का संयुक्त रूप से आकलन किया जाएगा।
बैठक में लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन को मजबूत बनाने, परिवहन, संसाधन आधारित उद्योगों में वैल्यू एडिशन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अब केवल प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित अर्थव्यवस्था नहीं रहना चाहता, बल्कि “माइंस से माइंड्स, एक्सट्रैक्शन से इनोवेशन और रिसोर्सेज से रिसर्च” की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सिंगापुर के उच्चायुक्त ने भी झारखंड के इस विजन की सराहना की, जिससे दोनों पक्षों के बीच सार्थक सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि झारखंड और सिंगापुर के बीच यह साझेदारी निवेश आकर्षित करने, गुणवत्तापूर्ण रोजगार सृजित करने, नवाचार को बढ़ावा देने और सतत आर्थिक विकास सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

















