छात्रों की मांगों को लेकर राज्यपाल से मिला जेएलकेएम प्रतिनिधिमंडल
रांची : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से राजभवन में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों और युवाओं की विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राज्य में कथित वित्तीय संकट के बीच युवाओं की समस्याओं को उजागर करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा जारी कक्षपाल नियुक्ति में राज्य सरकार के संकल्प संख्या-440 की अवहेलना करते हुए आयु सीमा में छूट नहीं देने का मुद्दा उठाया। साथ ही, झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा के वर्तमान पाठ्यक्रम को यूपीएससी से अधिक वृहद और जटिल बताते हुए इसमें सुधार की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जटिल सिलेबस के कारण स्थानीय और क्षेत्रीय छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने झारखंड सिविल सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम में क्षेत्रीय भाषाओं, संस्कृति और स्थानीय इतिहास से जुड़े बिंदुओं को शामिल करने की भी मांग की।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और साक्ष्यों की जांच के बाद सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

















