रांची नगर निकाय चुनाव: झामुमो ने मतदान की सराहना की, कहा- भाजपा अंदर से विचलित, मतदान प्रतिशत 50% के पार
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने राजधानी रांची के हरमू स्थित पार्टी कैंप कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नगर निकाय चुनाव पर विस्तृत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मतदाताओं, चुनाव आयोग और प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रही, जो काफी प्रशंसनीय है।
भट्टाचार्य ने बताया कि संकेतों से लगता है कि इस बार मतदान प्रतिशत पिछले चुनाव से काफी अधिक रहेगा और संभवतः 50% के आंकड़े को छू लेगा। उन्होंने कहा, “मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे लोकतंत्र की मजबूती का संदेश मिला है।”
उन्होंने कुछ तकनीकी त्रुटियों का जिक्र किया, जैसे कुछ मतदाताओं के मतदान केंद्र में बदलाव, लेकिन इनकार नहीं किया कि जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाई और मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। झामुमो नेता ने दावा किया कि इस चुनाव से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आंतरिक रूप से काफी विचलित हो गई है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “EVM के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव होने से भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है।”
मतगणना को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि पुख्ता इंतजामों के साथ यह प्रक्रिया पूरी होगी। कुछ क्षेत्रों में आपसी मतभेद की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह मोहल्ले स्तर की लड़ाई है, जो मतदान के बाद आपसी सौहार्द के साथ सामान्य हो जाएगी।
झामुमो ने कुल मिलाकर चुनाव प्रक्रिया की सफलता पर संतोष जताया और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। मतगणना 27 फरवरी को होगी, जिसके नतीजे शहर की राजनीति पर असर डालेंगे।

















