कोडरमा पुलिस ने कॉल गर्ल सर्विस के नाम पर ठगी करने वाले साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार

कोडरमा पुलिस ने कॉल गर्ल सर्विस के नाम पर ठगी करने वाले साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार

Share
Link copied

कोडरमा पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का भंडाफोड़ करते हुए तिलैया थाना क्षेत्र के तिलैया बस्ती वार्ड नंबर-02 से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक कॉल गर्ल सर्विस के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करता था।

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) को गुप्त सूचना मिली थी कि तिलैया बस्ती स्थित एक मकान में एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से “स्कॉर्ट सर्विस” वेबसाइट का उपयोग कर ठगी कर रहा है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ कोडरमा अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्परता से छापेमारी कर आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी का नाम प्रकाश कुमार बताया जा रहा है। आरोपी के पास से 06 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, 02 एटीएम कार्ड, 02 चेकबुक, 04 बैंक पासबुक और ठगी से संबंधित चैट और स्क्रीनशॉट बरामद हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रकाश कुमार “गर्ल उपलब्ध कराने” या “रजिस्ट्रेशन शुल्क” के नाम पर लोगों से ऑनलाइन माध्यम से पैसे लेता था। इस संबंध में तिलैया थाना कांड संख्या 337/25, दिनांक 01.11.2025 के तहत बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C), 84(C) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow