लातेहार पुलिस का ‘ऑपरेशन ड्रैगन 228’ सफल: जेजेएमपी के दो उग्रवादी गिरफ्तार, AK-47 और SLR बरामद
लातेहार पुलिस के ‘ऑपरेशन ड्रैगन 228’ में जेजेएमपी (JJMP) के दो उग्रवादी गिरफ्तार। AK-47 और SLR समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

आशीष कुमार वैद्य /लातेहार
लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर चलाए गए **’ऑपरेशन ड्रैगन 228’** के तहत प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी (JJMP) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से एक AK-47 और दो SLR राइफल समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर कुरुमखेता के जंगलों में कार्रवाई
बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का मुख्य सरगना शंकर रामबअपने दस्ते के साथ कुरुमखेता के जंगलों में किसी बड़ी हिंसक वारदात की साजिश रच रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
घेराबंदी कर दो को दबोचा, सरगना फरार
पुलिस टीम ने जब कुरुमखेता जंगल में घेराबंदी शुरू की, तो उग्रवादी भागने लगे। सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर मनोज लोहरा और महादेव सिंह नाम के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, घने जंगल का फायदा उठाकर मुख्य सरगना शंकर राम और उसके कुछ साथी भागने में सफल रहे।
हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से पुलिस ने निम्नलिखित हथियार बरामद किए हैं:
01 एके-47 (AK-47) राइफल
02 एसएलआर (SLR) राइफल
भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और गोला-बारूद
सर्च ऑपरेशन जारी
एसपी ने कहा कि फरार उग्रवादी शंकर राम और उसके दस्ते के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में शांति भंग करने वाले किसी भी संगठन को बख्शा नहीं जाएगा। इस कामयाबी से जेजेएमपी कमर टूट गई है और पुलिस ने उग्रवादियों के बड़े मंसूबों पर पानी फेर दिया है।

















