गुमला में JJMP के 5 लाख के इनामी सब-जोनल सदस्य समेत चार गिरफ्तार, 146 जिंदा कारतूस बरामद

दीपक गुप्ता / गुमला
गुमला: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन JJMP के खिलाफ गुमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डुमरी थाना क्षेत्र के औरापाट जंगल में अभियान चलाकर संगठन के सब-जोनल सदस्य समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में लातेहार निवासी और JJMP के सब-जोनल सदस्य रामदेव लोहरा, एरिया कमांडर अरविंद नायक, लोहरदगा निवासी मुनेश्वर सिंह और डुमरी क्षेत्र निवासी नितेंद्र लोहरा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार रामदेव लोहरा पर झारखंड सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने बताया कि JJMP की सक्रियता लातेहार और लोहरदगा क्षेत्र में रही है। संगठन गुमला में भी अपना नेटवर्क और गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने औरापाट जंगल में घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

हथियार और 146 जिंदा कारतूस बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की तलाशी में पुलिस ने विभिन्न प्रकार के हथियार और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद सामान में राइफल और पिस्टल समेत कुल 146 जिंदा राउंड, मोबाइल फोन, वॉकी-टॉकी, वाई-फाई डोंगल, मोटरसाइकिल तथा प्रतिबंधित JJMP/नक्सली पर्चे शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार रामदेव लोहरा का पूर्व में पीपुल्स वार ग्रुप और माओवादी संगठन से भी जुड़ाव रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर संगठन की गतिविधियों, नेटवर्क और अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों को पूछताछ के दौरान संगठन के अन्य सदस्यों और गुमला में उसकी गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पूरी कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चैनपुर के नेतृत्व में की गई।
















