कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के आपराधिक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, चतरा पुलिस ने दबोचे दो करीबी सहयोगी

चतरा: चतरा पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके दो प्रमुख सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान फिलहाल दुबई में छिपकर अपने गिरोह का संचालन कर रहा है और वहीं से रंगदारी, अवैध हथियारों की आपूर्ति तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों को संचालित करा रहा है।
पुलिस के अनुसार, हंटरगंज थाना कांड संख्या 206/25 (11 दिसंबर 2025) की जांच के दौरान यह सफलता मिली। इससे पहले इसी मामले में प्रिंस खान के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। ताजा कार्रवाई के बाद इस कांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।
जांच में सामने आया कि प्रिंस खान ने चतरा के व्यवसायी एवं समाजसेवी प्रेम सिंह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की थी। इसी मामले की पड़ताल के दौरान पुलिस उसके नेटवर्क तक पहुंचने में सफल हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के निवासी अशरफ आलम और सहज अंसारी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उनके मोबाइल फोन से प्रिंस खान को रुपये भेजे जाने से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है, जिसमें लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रमाण सुरक्षित मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रिंस खान विदेश में बैठकर अपने सहयोगियों के माध्यम से रंगदारी वसूली, अवैध हथियारों की आपूर्ति और अन्य आपराधिक गतिविधियों का संचालन कर रहा था। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। अभियान में हंटरगंज थाना पुलिस, तकनीकी शाखा और जिला पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि प्रिंस खान के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी है और फरार सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

















