तृणमूल को बड़ा झटका: पूर्व राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक बीजेपी में शामिल

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के तीन पूर्व राज्यसभा सांसद—सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक—भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए। साल्ट लेक स्थित प्रदेश बीजेपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने तीनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया।
बीजेपी में शामिल होने के बाद समिक भट्टाचार्य ने कहा कि तीनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पश्चिम बंगाल के विकास के विजन पर भरोसा जताते हुए भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि अब इन नेताओं की पहचान केवल भाजपा कार्यकर्ता के रूप में होगी।

इन तीनों नेताओं ने राज्य में राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद पहले ही राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। सुखेंदु शेखर रॉय के इस्तीफे के बाद उनके भाजपा नेताओं से संपर्क की चर्चाएं तेज हो गई थीं। वहीं सुष्मिता देव ने भी राज्यसभा और टीएमसी दोनों से इस्तीफा देने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात की थी। प्रकाश चिक बराइक भी पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे चुके थे।
इस मौके पर समिक भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा उन लोगों के लिए खुली है जो राज्य के विकास और जनसेवा के लिए काम करना चाहते हैं, लेकिन जिन पर जनता को लूटने के आरोप हैं, उनके लिए पार्टी के दरवाजे बंद हैं।

















