ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, 5.65 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद

रांची: एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक (सदर) के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने की।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रांची नर्सिंग होम के पीछे बने एक आवास पर छापेमारी की गई। इस दौरान सुंदर हेंब्रम (26 वर्ष), निवासी खिजुरटोला, पाराटोली, थाना सदर, रांची को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.65 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोटोरोला कंपनी का स्मार्टफोन तथा 400 रुपये नकद बरामद किए गए।

इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 323/2026 दिनांक 09 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b)/22(b) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी सदर थाना में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। मामले की आगे की जांच जारी है।

















