कोकर से लापता अदिति पांडे मामले में विधायक जयराम महतो की एंट्री, परिवार को दिया आंदोलन का भरोसा

रांची के कोकर इलाके से गुम हुई बच्ची अदिति पांडे का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में अब जेएलकेएम विधायक जयराम महतो भी सक्रिय हो गए हैं। गुरुवार को विधायक जयराम महतो पीड़ित परिवार के आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
इस दौरान जयराम महतो ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वे इस लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं और बच्ची की बरामदगी तक आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने मौके पर ही रांची के एसएसपी से फोन पर बातचीत कर मामले की गंभीरता से जांच करने और जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
मीडिया से बातचीत में जयराम महतो ने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है और पुलिस प्रशासन को तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अगले दो दिनों के भीतर मामले में कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आता है, तो वे पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
विधायक ने कहा कि एक बच्ची के लापता होने का मामला पूरे समाज की चिंता का विषय है और प्रशासन को इसे प्राथमिकता के आधार पर लेना चाहिए। वहीं, परिवार ने भी बच्ची की जल्द सकुशल बरामदगी की मांग दोहराई है।

















