खेत में खुला बिजली तार छोड़ना पड़ा भारी, महिला की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में खेत में सिंचाई के लिए बिछाए गए खुले बिजली के तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने लापरवाही के आरोप में मोकरो महतो को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। मृतका की पहचान ठियाटांगर गांव निवासी 50 वर्षीय राजो तिर्की के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोकरो महतो सारंगा गांव का निवासी है। आरोप है कि उसने खेत में सिंचाई के लिए बिजली का तार लगाया था। सिंचाई का काम पूरा होने के बाद तार को खुले में छोड़ दिया गया। इसी दौरान महिला तार की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मवेशी चराने गई थी महिला, देर शाम खेत में मिला शव
घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। मृतका के पति बिचा तिर्की ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी राजो तिर्की बैल और बकरी चराने के लिए खेत की ओर गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने महिला की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान राजो तिर्की खेत में गिरी हुई मिली। उसके पास बिजली का खुला तार पड़ा था। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि महिला की मौत हो चुकी है। इसके बाद घटना की सूचना आनंदपुर पुलिस को दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सूचना मिलने के बाद आनंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया। आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेत में सिंचाई के लिए लगाया गया बिजली का तार काम पूरा होने के बाद खुले में छोड़ दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में आनंदपुर थाना कांड संख्या 19/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। सोमवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। इस घटना ने खेतों में सिंचाई के लिए बिजली का इस्तेमाल करते समय सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।

घुसपैठियों के मुद्दे पर राहुल गांधी और इरफान अंसारी पर भाजपा का निशाना, कांग्रेस की मंशा पर उठाए सवाल
जमशेदपुर। घुसपैठ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज…

दुर्गापूजा में मनचलों पर रहेगी शक्ति कमांडो की नजर, छह रूटों पर तैनात होंगी महिला पुलिसकर्मी
जमशेदपुर में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की विशेष तैयारी, छेड़खानी और हुड़दंग करने वालों पर होगी कार्रवाई जमशेदपुर। दुर्गापूजा के दौरान…

















