Crime news jamshedpur

जमशेदपुर में दो सगी बहनों की कुल्हाड़ी से हत्या, बीमार भाई ने थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण

Share
Link copied

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के बावैदा गांव में वारदात से सनसनी, ओझा-गुनी से जुड़े पहलू की भी जांच कर रही पुलिस

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के बावैदा गांव में दो सगी बहनों की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनके बीमार भाई स्वरूप टुडू उर्फ चिंटू ने कुल्हाड़ी से हमला कर दोनों की जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी सोमवार तड़के धालभूमगढ़ थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों महिलाओं के शव बरामद किए हैं। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है।

बीमार भाई की देखभाल के लिए पहुंची थीं बहनें

मिली जानकारी के अनुसार, स्वरूप टुडू अपने घर में अकेला रहता था और पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। उसकी तबीयत में सुधार नहीं होने पर रविवार रात घाटशिला के चुनूडीह से एक ओझा को बुलाया गया था। इसी दौरान उसकी दो बड़ी बहनें दुलारी सोरेन (55) और लक्ष्मी मंडी (50) भी बावैदा गांव स्थित उसके घर पहुंची थीं। बताया जाता है कि दोनों बहनें बीमार भाई की देखभाल और घर की साफ-सफाई करने आई थीं। रविवार रात घर में पूजा का आयोजन भी किया गया था। इसमें लक्ष्मी मंडी के पति सूरजु मांडी को भी बुलाया गया था, लेकिन वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

सोते समय कुल्हाड़ी से हमले का आरोप

आरोप है कि देर रात जब दोनों बहनें सो रही थीं, तभी स्वरूप टुडू ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी सोमवार की भोर में धालभूमगढ़ थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। लक्ष्मी मंडी बासाझोर की रहने वाली थीं, जबकि दुलारी सोरेन घाटशिला प्रखंड की आसना पंचायत के चढ़ईगोड़ा गांव में रहती थीं।

पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किए शव

घटना की सूचना मिलने के बाद धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ बावैदा गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है।

हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे ओझा-गुनी से जुड़ा मामला होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अब तक हत्या के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, अंधविश्वास या कोई अन्य वजह थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।बताया जाता है कि परिवार में दो भाई और तीन बहनें थीं। आरोपी के बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि तीसरी बहन की शादी गांव में ही हुई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही दोहरे हत्याकांड की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।