पेशा कानून और नगर चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन सराहनीय : आरजीपीआरएस

पेशा कानून और नगर चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन सराहनीय : आरजीपीआरएस

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा : राजीव गांधी पंचायती राज संगठन (आरजीपीआरएस) की प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश कांग्रेस सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पनवार, प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो, प्रभारी आशिक कुजूर, आरजीपीआरएस अध्यक्ष सुनीत शर्मा, प्रदेश कोऑर्डिनेटर दिलीप तिर्की सहित प्रदेश कमेटी के पदाधिकारी एवं सभी जिलों के जिला अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पनवार ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आरजीपीआरएस संगठन कांग्रेस की रीढ़ है और आप सभी केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि संगठन की ताकत हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने वाली है।

आरजीपीआरएस अध्यक्ष सुनीत शर्मा ने अपने राजनीतिक जीवन के संघर्षों का उदाहरण देते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पहले से तीन गुना अधिक क्षमता के साथ क्षेत्र में सक्रिय होकर कार्य करें। उन्होंने पेशा कानून और नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संगठन को पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए काम करना होगा। साथ ही उन्होंने मनरेगा में केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किए गए बदलावों और उससे होने वाले नुकसान की जानकारी भी साझा की।

प्रदेश कोऑर्डिनेटर दिलीप तिर्की ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस सभागार से कार्यकर्ताओं को एक मशाल सौंपी है, जिसकी रोशनी को विधानसभा, प्रखंड, पंचायत और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजनीति से जुड़ाव ही सामाजिक परिवर्तन का माध्यम है और इसे लेकर लोगों को जागरूक करना आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में दिलीप तिर्की ने राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की ओर से धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी जिलों से आए प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow